शादी के दबाव से डर गया प्रेमी, मूकबधिर गर्लफ्रेंड को पत्थर से कुचलकर मार डाला

महासमुंद। जिले के बसना थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां 21 वर्षीय मूकबधिर युवती की उसके ही प्रेमी ने बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और पिछले करीब एक साल से उनके बीच प्रेम संबंध था। आरोपी लोकनाथ पटेल ने शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाए, लेकिन जब युवती गर्भवती हो गई और उसने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो आरोपी ने बदनामी के डर से उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।

घटना 23 मार्च की रात की बताई जा रही है, जब युवती अपने प्रेमी से मिलने खेत की ओर गई थी। वहां उसने इशारों में अपनी गर्भावस्था की जानकारी दी। इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर पत्थर से युवती के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को खेत में ही छोड़ दिया और चुपचाप अपने घर लौट गया। अगली सुबह युवती का खून से लथपथ शव घर से करीब 150 मीटर दूर खेत में मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचे और शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। जांच की शुरुआत परिजनों से पूछताछ के आधार पर हुई, जिसमें पिता ने लोकनाथ पटेल का नाम बताया। संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, तो आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *