रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एस. जयशंकर ने नया रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान रायपुर के दीक्षांत समारोह में युवाओं को अहम संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में करियर सिर्फ किताबों से नहीं बनता, बल्कि दुनिया में हो रहे बदलावों को समझना भी उतना ही जरूरी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय घटनाओं का असर सीधे युवाओं के भविष्य पर पड़ता है, इसलिए वैश्विक नजरिया अपनाना समय की मांग है। भारत की स्थिति पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि देश ने आर्थिक और कूटनीतिक स्तर पर मजबूत पहचान बनाई है और कठिन हालात में भी संतुलन बनाए रखा है।

जयशंकर ने विकास के बदलते स्वरूप पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें, रेल नेटवर्क और डिजिटल तकनीक ने देश की रफ्तार तेज की है, जिससे युवाओं के लिए नए मौके पैदा हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने खाद्य, स्वास्थ्य और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को जरूरी बताया।

विदेश नीति को लेकर उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सरकारों के बीच संवाद नहीं, बल्कि व्यापार और उद्योग को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का जरिया भी है।

अंत में उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि लगातार मेहनत, नेतृत्व की सोच और मजबूत नेटवर्क ही सफलता की कुंजी है, क्योंकि हर क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *