कांकेर। जिले के कुलगांव स्थित अजीबी एग्रो राइस मिल में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते धान से भरे बोरे और बारदाना इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, हालांकि धान और बोरे में आग लगने के कारण लपटें तेजी से फैलती रहीं।

राइस मिल के मालिक मोहम्मद आवेश भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग में चावल, धान और खाली बोरे जलकर खाक हो गए हैं।

फिलहाल नुकसान का आंकलन नहीं हो सका है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपए का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है और पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *