दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel का एक कथित AI जनरेटेड वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। वीडियो में उन्हें पूर्व उपसचिव सौम्या चौरसिया के साथ दिखाया गया है, जिसे कांग्रेस ने फर्जी और आपत्तिजनक बताया है। विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिले के अलग-अलग 8 थानों में शिकायत दर्ज कराई है। इंस्टाग्राम पेज पर अपलोड, FIR दर्ज मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक वीडियो ‘कांग्रेस पोल खोल’ और ‘रैंडम छत्तीसगढ़’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया था। शिकायत के बाद पुलिस ने संबंधित आईडी होल्डर के खिलाफ BNS की धारा 353(2) के तहत FIR दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। जैसे ही मामला तूल पकड़ने लगा, संबंधित इंस्टाग्राम पेज को बैन कर दिया गया। कांग्रेस का विरोध, SSP से मुलाकात रविवार (26 अप्रैल) को जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर समेत कई नेता SSP विजय अग्रवाल से मिले और कड़ी कार्रवाई की मांग की। इसके बाद सोमवार को भिलाई-3, धमधा, अंडा, नंदिनी नगर सहित कई थानों में अलग-अलग शिकायतें दी गईं। शाम तक जामगांव आर, कुम्हारी, जामुल, जेवरा सिरसा और रानीतराई समेत कई इलाकों में कांग्रेस कार्यकर्ता थानों पहुंचे और विरोध जताया। साइबर टीम कर रही जांच पुलिस का कहना है कि जिन दो इंस्टाग्राम आईडी से वीडियो पोस्ट किया गया था, उन्हें प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है। अब साइबर टीम वीडियो की तकनीकी जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वीडियो कहां तैयार हुआ और सबसे पहले किसने इसे अपलोड किया। महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान राज्य महिला आयोग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने दुर्ग SSP को पत्र लिखकर साइबर सेल से जांच कराने और वीडियो के असली स्रोत का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने साफ कहा है कि AI तकनीक का दुरुपयोग कर किसी की छवि खराब करना, खासकर महिलाओं से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री बनाना, गंभीर अपराध है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। Post navigation 10वीं-12वीं के स्टूडेंट्स तैयार रहें: ऐसे तुरंत चेक करें रिजल्ट