कवर्धा हादसा: शादी में जा रहे 6 दोस्त, कार 30 फीट नीचे नदी में गिरी…4 की मौके पर मौत, 2 जिंदगी से जूझ रहे

कवर्धा (छत्तीसगढ़)। देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। पांडातराई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर फोक नदी में जा गिरी। हादसे में कार सवार 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर हालत नाजुक होने पर रायपुर रेफर किया गया है।

शादी में शामिल होने जा रहे थे सभी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सभी युवक बिरगांव (रायपुर) से पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। देर रात पांडातराई के पास कार का संतुलन बिगड़ा और वाहन अनियंत्रित होकर पलटते हुए करीब 30 फीट नीचे नदी में जा गिरा।

स्थानीय लोगों ने बचाई 2 जिंदगियां

हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने नदी में गिरी कार से घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त

हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर और गिरने की वजह से वाहन के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन को नदी से बाहर निकलवाया।

2 की हालत गंभीर, रायपुर रेफर

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक दोनों घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर भेजा गया है।

पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव

पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। घटना की सूचना सभी परिवारों को दे दी गई है।

पुलिस कर रही जांच

पांडातराई पुलिस के अनुसार, सभी युवक एक ही कार में सवार थे और शादी में जा रहे थे। तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ने की वजह से हादसा हुआ। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

JOHARPOST.IN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *