सड़क पर स्टंटबाजी… पुलिस बोली- अब नहीं चलेगी ये हेकड़ी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवक का बाइक स्टंट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। रिटायर्ड आरक्षक के बेटे ने सार्वजनिक सड़क पर बाइक को एक पहिए पर चलाते हुए रील बनाई थी, जिसके बाद उस पर 2 हजार रुपए का चालान किया गया। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है।


वायरल रील बनी मुसीबत

जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो हुंकराडीपा-तमनार रोड का है। वीडियो में युवक बिना हेलमेट के स्पोर्ट्स बाइक को एक पहिए पर चलाते हुए स्टंट करता नजर आ रहा है। यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया, जिसके बाद तेजी से वायरल हो गया।

जांच के दौरान युवक की पहचान शाश्वत सिदार (20) निवासी ग्राम कुंजेमुरा के रूप में हुई। उसके पिता नरेंद्र सिदार रिटायर्ड पुलिसकर्मी हैं।


पुलिस ने की तुरंत कार्रवाई

वीडियो सामने आने के बाद तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच करवाई। युवक को थाने बुलाकर पूछताछ की गई, जहां उसने स्वीकार किया कि वीडियो उसी ने बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड किया।

इसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 2 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।


फटकार के साथ दी चेतावनी

थाना प्रभारी ने युवक को कड़ी फटकार लगाते हुए समझाया कि इस तरह की स्टंटबाजी न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी हो सकती है। सड़क पर ऐसे करतब करने से गंभीर हादसे हो सकते हैं।

युवक ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी और भविष्य में ट्रैफिक नियमों का पालन करने तथा हेलमेट पहनने का आश्वासन दिया।


SSP का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है। सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट करना नियमों का उल्लंघन है और इससे जान का खतरा रहता है।

उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी यदि कोई इस तरह की हरकत करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी परिवार या पहचान से जुड़ा हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *