रायगढ़ में कानून के नाम पर उगाही का आरोप, युवक बोला- परिवार को लगातार दी जा रही थी धमकी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां भाजपा से निष्कासित एक पूर्व पार्षद पर युवक को दुष्कर्म मामले में फंसाने की धमकी देकर रुपए मांगने का आरोप लगा है। युवक और उसके परिवार पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। आखिरकार परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर दी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।


प्रेम संबंध के विवाद से शुरू हुआ पूरा मामला

पुलिस जानकारी के मुताबिक, घरघोड़ा वार्ड नंबर-10 निवासी 26 वर्षीय साहिल यादव का धरमजयगढ़ इलाके की एक युवती के साथ पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था। कुछ समय पहले दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद युवती शिकायत लेकर थाने पहुंची थी।

इसी दौरान साहिल भी निष्कासित भाजपा पार्षद श्याम भोजवानी के साथ थाने पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और बाद में आपसी सहमति बनने पर युवती ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई।


“50 हजार दो… नहीं तो रेप केस में जेल जाओगे”

आरोप है कि थाने से लौटने के बाद उसी शाम श्याम भोजवानी साहिल के मोहल्ले पहुंचा। वहां उसने परिवार को डराते हुए कहा कि मामला शांत कराने के लिए रुपए देने होंगे, वरना युवक को दुष्कर्म केस में फंसा दिया जाएगा।

परिजनों ने आर्थिक परेशानी बताई तो आरोपी ने रकम घटाकर 40 हजार रुपए करने की बात कही और जल्दी पैसे देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।


कॉल कर मां और बेटे को करता था परेशान

पीड़ित साहिल ने पुलिस को बताया कि आरोपी लगातार मोबाइल पर कॉल कर धमकियां दे रहा था। युवक ही नहीं, उसकी मां को भी डराया जा रहा था। आरोपी कथित तौर पर कहता था कि पैसे नहीं दिए तो जेल जाना तय है।

युवक ने अपनी शिकायत में साफ कहा कि किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी ने उससे कोई पैसे नहीं मांगे थे। पूरा दबाव केवल आरोपी की ओर से बनाया जा रहा था।


ऑडियो रिकॉर्डिंग बनी सबसे बड़ा सबूत

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू ने युवक से आरोपी की बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग ली, जिसमें कथित तौर पर पैसों की मांग और धमकी की बातें सामने आईं।

रिकॉर्डिंग को डिजिटल साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया गया। जांच में पर्याप्त आधार मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी श्याम भोजवानी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


SSP की दो टूक- कानून के नाम पर वसूली बर्दाश्त नहीं

रायगढ़ SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि किसी व्यक्ति को पुलिस या कानून का भय दिखाकर पैसे मांगना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर कोई इस तरह धमकाकर वसूली करने की कोशिश करे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

उन्होंने साफ कहा कि कानून के नाम पर डर फैलाकर उगाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *