कबीरधाम। जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र अंतर्गत सोंढा गांव में एक खेत से बोरी में बंद युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद होने से सनसनी फैल गई थी। शव कई टुकड़ों में कटा हुआ था और दोनों हाथ रस्सी से बंधे हुए थे। ग्रामीणों को खेत से तेज बदबू आने पर संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी खोलकर देखा तो अंदर युवक का शव मिला।

दो दिन से लापता था कोमल वर्मा

मृतक की पहचान बैहरसरी निवासी 25 वर्षीय कोमल वर्मा के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार कोमल पिछले दो दिनों से लापता था। उसकी गुमशुदगी की शिकायत भी थाने में दर्ज कराई गई थी। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान महिला मंदाकिनी वर्मा, उसके पति रामसनेही वर्मा और रूपेश वर्मा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में हत्या से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।

ब्लैकमेलिंग और अश्लीलता के विवाद में हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच विवाद चल रहा था। जांच में ब्लैकमेलिंग और अश्लीलता से जुड़े आरोप भी सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते आरोपियों ने युवक की हत्या कर दी।

हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश

जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर सोंढा गांव के खेत में फेंक दिया गया था, ताकि पहचान छिपाई जा सके और पुलिस को गुमराह किया जा सके। हालांकि पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जांच जारी, अन्य पहलुओं की भी पड़ताल

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *