नारायणपुर। वर्ष 2026 तक जिले को नक्सल मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में नारायणपुर में लगातार प्रभावी पहलें की जा रही हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति बहाल होने के बाद अब पुलिस और सुरक्षा बल विकास एवं विश्वास बहाली के माध्यम से ग्रामीणों को मुख्यधारा से जोड़ने में जुटे हैं। इसी क्रम में माड़ मैत्री अभियान के तहत ग्राम उसेबेड़ा में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान की दिशा में पहल की गई।

पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया और 41वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट बेनुधर नायक के मार्गदर्शन में पुलिस व आईटीबीपी की टीम गांव पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान घोटुलपारा में पेयजल संकट का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया, जिस पर अधिकारियों ने संबंधित विभाग से समन्वय कर जल्द स्थायी समाधान का भरोसा दिलाया।

अभियान की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि गांव में वर्षों से मौजूद नक्सली स्मारक को हटाना रही। ग्रामीणों की सहमति और सक्रिय सहयोग से स्मारक को ध्वस्त किया गया। इस दौरान गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र में शांति और विकास के नए दौर की शुरुआत बताते हुए कहा कि अब वे भय और हिंसा के वातावरण से निकलकर विकास की राह पर आगे बढ़ना चाहते हैं।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की गई तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही राशन, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड और स्वरोजगार जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस और प्रशासन का यह अभियान नक्सल उन्मूलन के बाद ‘विग्रह से विश्वास’ की अवधारणा को मजबूती प्रदान कर रहा है। कभी सुरक्षा बलों से दूरी बनाए रखने वाले ग्रामीण अब विकास कार्यों में उनकी भागीदारी निभा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के 2026 तक नारायणपुर को नक्सल मुक्त बनाने के संकल्प के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष फोकस किया जा रहा है, ताकि माड़ क्षेत्र के दूरस्थ गांव भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

ग्रामीणों ने भी पुलिस और सुरक्षा बलों से भविष्य में ऐसे जनसंपर्क और विकासपरक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *