दंतेवाड़ा। जिले के कटेकल्याण थाना क्षेत्र में घर के आंगन से लापता हुई 2 साल की बच्ची तृप्ति बाकड़ा सकुशल मिल गई है। बच्ची घर के पीछे खेत के पास बैठी हुई मिली। क्षेत्र से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद वे बच्ची को अपने साथ लेकर आए और पुलिस को सूचना दी। जानकारी के मुताबिक, बच्ची अपने घर से महज 30 से 40 मीटर की दूरी पर मिली है। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया है। हालांकि, पुलिस अब भी इस मामले में जांच कर रही है और फेरीवाले युवकों द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका को भी खंगाल रही है। घटना बुधवार दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। नदी कोंटा पारा निवासी तृप्ति बाकड़ा अपने घर के आंगन में खेल रही थी। उसके साथ एक अन्य बच्ची भी मौजूद थी। इसी दौरान वह अचानक गायब हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने दावा किया था कि वैन में आए कुछ फेरीवाले बच्ची को उठाकर अपने साथ ले गए। बच्ची के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई थी। सीमावर्ती इलाकों समेत 20 से अधिक थाना क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर नाकेबंदी की गई थी। हालांकि, बच्ची के सकुशल मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कथित फेरीवाले कौन थे, वे कहां से आए थे और उनकी गाड़ी का नंबर क्या था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि दंतेवाड़ा जिले में इससे पहले भी बच्चों के अपहरण के मामले सामने आ चुके हैं। सितंबर 2024 में बचेली रेलवे कॉलोनी से एक नवजात बच्चे को घर के झूले से उठा लिया गया था, जिसे पुलिस ने कुछ घंटों में बरामद कर लिया था। वहीं, पोंदुम गांव से 6 महीने के बच्चे के अपहरण के मामले में बच्चे को करीब 20 दिन बाद सुरक्षित बरामद किया गया था। Post navigation गौरेला-पेंड्रा-मरवाही हत्याकांड: मुख्य शूटर समेत 7 आरोपी गिरफ्तार, जानिए कैसे पकड़े गए आरोपी जमीन में दबे बटुआ और खजाने की कहानी कहीं आपके साथ भी तो नहीं हो जाए? हो जाइए सावधान… 5 शातिर ठग गिरफ्तार