जांजगीर-चांपा। भारतमाला राजमार्ग पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया के नाती समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बलौदा थाना क्षेत्र के मुड़ाभाठा के पास उरगा-बिलासपुर मार्ग पर हुआ।

पुलिस के मुताबिक, कोरबा जिले से जामुन लेकर बिलासपुर मंडी जा रही पिकअप वाहन को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए।

दुर्घटना में मंजीत कुमार राठिया (23) और मुकेश राठिया (24) की मौके पर ही मौत हो गई। मंजीत कुमार राठिया रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया के नाती बताए जा रहे हैं। दोनों मृतक एक ही परिवार से संबंध रखते थे।

हादसे में दिनेश कुमार (25), कपूर राठिया (30) और अजीत राठिया (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल करतला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर विधायक फूलसिंह राठिया परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों के शव उनके गृहग्राम केरवाद्वारी लाए गए, जहां अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भारतमाला मार्ग पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से नियमित जांच, सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय लागू करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *