जांजगीर-चांपा। जिले के नैला चौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरकोनी गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पत्नी के मायके चले जाने और वापस आने से इनकार करने से आहत एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने दो मासूम बेटों के साथ कीटनाशक का सेवन कर जान दे दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बिरकोनी निवासी रमेश कुमार पटेल (35) अपनी पत्नी मंगली बाई (28), दो बेटे आदर्श (3 वर्ष), अभिनव (2 वर्ष) और बेटी आरुषि (6 वर्ष) के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि रमेश को शराब पीने की लत थी, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। करीब चार दिन पहले हुए विवाद के बाद मंगली बाई अपनी बेटी आरुषि को लेकर मायके चली गई थी, जबकि दोनों छोटे बेटे घर पर ही थे। मंगलवार को रमेश पत्नी को वापस लाने उसके मायके पहुंचा, लेकिन पत्नी ने उसके साथ लौटने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि इस बात से रमेश काफी परेशान था। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने उसके पिता परदेशी पटेल को सूचना दी कि रमेश और उसके दोनों बेटे घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही नैला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कीटनाशक सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि रमेश ने अपने दोनों बेटों के साथ कीटनाशक का सेवन किया, जिससे तीनों की मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। Post navigation जंगल में अलग-अलग पेड़ों से लटके मिले बुजुर्ग दंपती के शव, पुलिस जांच में जुटी बेमेतरा में डबल मर्डर: पारिवारिक विवाद में भाभी-भतीजी की हत्या