बेमेतरा में सनसनीखेज डबल मर्डर: पारिवारिक कलह में देवर ने भाभी और भतीजी की ली जान

बेमेतरा। जिले के नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत घोरेघाट गांव में मंगलवार को हुए दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अपनी भाभी और भतीजी पर बांस के डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना दाढ़ी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी हेमलाल आडिल का परिवार में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान उसने अपनी भाभी कुमारी आडिल (50 वर्ष) और भतीजी शकुंतला आडिल (18 वर्ष) पर हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हेमलाल आडिल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

एसडीओपी भूषण एक्का ने बताया कि गांव के कोटवार नंदकुमार राघव द्वारा दो महिलाओं की हत्या की सूचना पुलिस को दी गई थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी जेल जा चुका है।

दाढ़ी थाना प्रभारी राकेश साहू ने कहा कि हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक घटना के बाद घोरेघाट गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *