https://x.com/johar_post/status/2068291751144767700

कोरिया। छत्तीसगढ़ के चर्चित लल्ला सिंह तिहरे हत्याकांड में शनिवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। घटना के बाद से फरार चल रहा मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी आखिरकार मनेंद्रगढ़ थाने पहुंचकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। उसके साथ निशांत त्रिपाठी, अमन और आशुतोष त्रिपाठी ने भी आत्मसमर्पण किया। अब इस मामले में 9 में से 8 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।

कौन-कौन आरोपी पकड़े गए?

पुलिस पहले ही अक्षत त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी, मन्नू त्रिपाठी और विशाल त्रिपाठी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। शनिवार को मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत चार और आरोपियों के सरेंडर के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 8 हो गई है।

आखिर विवाद की जड़ क्या थी?

पुलिस जांच और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ठाकुर परिवार और त्रिपाठी परिवार के बीच कई महीनों से रेत कारोबार, कथित अवैध वसूली और दबदबे को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि रेत परिवहन करने वाले वाहनों से वसूली को लेकर दोनों पक्षों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था।

हूटर विवाद ने भी बढ़ाई थी दुश्मनी

विवाद उस समय और बढ़ गया जब भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की फॉर्च्यूनर में लगे हूटर की शिकायत पुलिस तक पहुंची। कार्रवाई के बाद हूटर हटाया गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच संबंध और अधिक तनावपूर्ण हो गए। कुछ दिन पहले हुई मारपीट की घटना ने हालात को और बिगाड़ दिया।

कैसे हुआ था तिहरा हत्याकांड?

16 जून की रात नौगईं गांव में लल्ला सिंह अपने साथियों के साथ पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान फॉर्च्यूनर वाहन को घेरकर उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। इस हमले में भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह, उनके चचेरे भाई नागेंद्र सिंह और एक अन्य घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस दबाव में किया आत्मसमर्पण

पुलिस की लगातार छापेमारी, संभावित गिरफ्तारी और बढ़ते दबाव के बीच मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत चार आरोपियों ने मनेंद्रगढ़ थाने में आत्मसमर्पण किया। सरेंडर के दौरान एमसीबी एसपी रत्ना सिंह भी मौजूद रहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

निचे पढ़े इसी से जुड़ी खबर

कोरिया। रेत कारोबार विवाद में भाजपा नेता की जिंदा जलकर मौत, फॉर्च्यूनर में फंसे रहे भरत सिंह, VIDEO में देखिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े