सूरजपुर में पत्थर धंसने से 2 युवकों की दर्दनाक मौत, अवैध खुदाई के दौरान मलबे में दबे सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के लांची गांव में रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। सरकारी जमीन पर गिट्टी निकालने के लिए की जा रही अवैध खुदाई के दौरान एक बड़ा पत्थर अचानक धंसकर गिर गया। हादसे में दो युवक मलबे के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान बाबूलाल गोंड़ (18) और जयपाल गोंड़ (18) के रूप में हुई है। दोनों लांची गांव के निवासी थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक पत्थर निकाल रहे थे। इसी दौरान तेज आवाज के साथ ऊपर का भारी पत्थर टूटकर नीचे गिर गया, जिससे दोनों युवक मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव शुरू किया, लेकिन जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहसीलदार सूर्यकांत साय ने बताया कि घटना के समय वहां खुदाई का काम चल रहा था। यह खनन वैध था या अवैध, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने भी मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Post navigation राजनांदगांव में महिला की निजी फोटो वायरल, इंस्टाग्राम से मचा बवाल! पढ़िए पूरा मामला पंडवानी की अमर आवाज खामोश, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई…गनियारी की बेटी बनी दुनिया की पहचान, आज पंचतत्व में विलीन