भिलाई में जिन्न-प्रेत का डर, पति की मौत की भविष्यवाणी और शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 85 लाख रुपये की ठगी। पुलिस ने आरोपी पवन बधोरिया को इंदौर से गिरफ्तार किया।

भिलाई | JOHARPOST.IN

भिलाई में एक महिला और उसके परिवार से तंत्र-मंत्र, जिन्न-प्रेत का डर दिखाकर और शेयर मार्केट में करोड़ों रुपये कमाने का झांसा देकर करीब 85 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। भिलाई नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पवन बधोरिया (43) को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में रायपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान भिलाई सेक्टर-5 निवासी महिला की मुलाकात पवन बधोरिया से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने परिवार की परेशानियों का जिक्र किया। आरोपी ने खुद को तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा-पाठ से हर समस्या का समाधान करने वाला बताकर परिवार का विश्वास जीत लिया।

इसके बाद आरोपी ने महिला को जिन्न-प्रेत का साया होने की बात कहकर विशेष पूजा, अनुष्ठान और धार्मिक कर्मकांड के नाम पर लगातार पैसे लिए। इतना ही नहीं, उसने कथित तौर पर महिला को यह कहकर डराया कि पूजा नहीं कराने पर उसके पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो सकती है। बाद में महिला के पति की मौत होने के बाद भी आरोपी इलाज और अन्य बहाने बनाकर पैसे मांगता रहा।

मामले में महिला के बेटे को भी निशाना बनाया गया। आरोपी ने शेयर मार्केट और ऑनलाइन ट्रेडिंग में करोड़ों रुपये का मुनाफा दिलाने का दावा किया। परिवार ने भरोसा कर अलग-अलग किश्तों में लाखों रुपये उसके खातों में ट्रांसफर कर दिए, लेकिन न कोई मुनाफा मिला और न ही रकम वापस हुई।

जब परिवार ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने, झूठे केस में फंसाने और सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर दबाव बनाया। शिकायत मिलने के बाद भिलाई नगर थाना पुलिस ने बैंक ट्रांजैक्शन, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। इसके आधार पर पुलिस ने इंदौर के गांधी नगर क्षेत्र से पवन बधोरिया को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के मोबाइल, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस ठगी में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जरूर पढ़े