सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सरकारी स्कूल के प्रधान पाठक हरिनन्दन सिंह को शराब के नशे में विद्यालय पहुंचने और अभद्र व्यवहार करने के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है। आदेश के अनुसार 8 जुलाई 2026 को हरिनन्दन सिंह विद्यालयीन समय में शराब के नशे में स्कूल पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने ग्रामीणों के सामने छात्रों और शिक्षकों से गाली-गलौज की तथा अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान वे जमीन पर लेट गए, जिसका वीडियो ग्रामीणों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामानुजनगर ने जांच प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत हरिनन्दन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। आदेश में यह भी कहा गया है कि उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की जाएगी। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा कार्यालय प्रतापपुर निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। ग्रामीणों द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और कार्रवाई की गई। इस घटना ने सरकारी स्कूलों में अनुशासन और शिक्षकों की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। Post navigation भिलाई में तंत्र-मंत्र, जिन्न-प्रेत और शेयर मार्केट के नाम पर 85 लाख की ठगी, इंदौर से गिरफ्तार हुआ पवन बधोरिया चलती बस में बिगड़ी युवक की तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत; साथ सफर कर रहा व्यक्ति लापता