बिलासपुर के सकरी-पेंडारी मार्ग पर दर्दनाक हादसा हुआ। बाइक बैरिकेड से टकराने पर लोहे का पाइप युवक के पेट में घुस गया। तीन युवक घायल हुए।

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। सकरी-पेंडारी मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बैरिकेड का लोहे का पाइप बाइक के अगले हिस्से को चीरते हुए बाइक सवार युवक के पेट में जा घुसा। हादसे में बाइक पर सवार तीन युवक घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

सकरी-पेंडारी मार्ग पर हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार जारहागांव निवासी प्रियांशु ज्ञानिक अपने दो दोस्तों अब्राहम और वरदान के साथ देर रात बाइक से बिलासपुर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सकरी और पेंडारी के बीच मुख्य मार्ग पर बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगाए गए लोहे के बैरिकेड से जा भिड़ी।

हादसे में बैरिकेड का पाइप बाइक के सामने वाले हिस्से से टकराकर प्रियांशु के पेट में घुस गया। टक्कर के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक पर पीछे बैठे उसके दोनों दोस्त भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गए।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क से गुजर रहे लोगों ने घायलों की मदद की। मौके से गुजर रहे गजेंद्र ठाकुर ने पुलिस और डायल-112 को घटना की सूचना दी।

स्थानीय लोगों ने घायलों को संभालते हुए तत्काल मदद पहुंचाई। सूचना मिलने के कुछ देर बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

तीनों अस्पताल में भर्ती, प्रियांशु की हालत गंभीर

हादसे में घायल तीनों युवकों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रियांशु को गंभीर हालत में एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

SDM ने तहसीलदार को अस्पताल भेजा

घटना की जानकारी प्रशासन को मिलने के बाद तखतपुर SDM नितिन तिवारी ने तत्काल तहसीलदार को अस्पताल भेजा। प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी में बाइक की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है। हालांकि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *