बलरामपुर। छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश सीमा स्थित धनवार चेकपोस्ट पर शुक्रवार तड़के बसंतपुर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर एक 16 चक्का ट्रक को पकड़ा। जांच के दौरान ट्रक से करीब 20 क्विंटल गांजा बरामद हुआ, जिसे तस्करों ने बेहद शातिर तरीके से छिपा रखा था।

पुलिस के अनुसार, गांजे की यह खेप ओडिशा के सोनपुर जिले से लोड की गई थी और उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। तस्करों ने ट्रक के निचले हिस्से में गांजे से भरी बोरियां रखी थीं। इसके ऊपर प्लास्टिक की बोरियों में पाउडर भरकर लोड किया गया था, ताकि चेकिंग के दौरान किसी को गांजे की भनक न लगे। पहली नजर में ट्रक सामान्य मालवाहक वाहन दिखाई दे रहा था।

चेकपोस्ट पर वाहन रोककर पूछताछ की गई तो ड्राइवर और हेल्पर घबरा गए। शक होने पर पुलिस ने ट्रक की गहन तलाशी ली, जिसमें पाउडर की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी लोकेश कुमार है, जो ट्रक का मालिक भी है। करीब पांच महीने पहले पकड़ी गई 12 क्विंटल गांजा तस्करी की खेप की जांच में भी उसका नाम सामने आया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

साइबर सेल से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस को सूचना मिली थी कि लोकेश कुमार खुद ओडिशा से गांजा लोड कराकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश जा रहा है। इसके बाद धनवार चेकपोस्ट पर विशेष निगरानी रखी गई और ट्रक को पकड़ लिया गया।

कार्रवाई के दौरान सहारनपुर निवासी लोकेश कुमार और मुजफ्फरनगर निवासी आमिष अंसारी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *