रायपुर: मनरेगा का नाम बदलने और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों सहित कई अहम मुद्दों को लेकर कांग्रेस आज राजधानी रायपुर में विधानसभा का घेराव करेगी। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और एआईसीसी के प्रभारी सचिवों ने रायपुर में बैठक कर आंदोलन की रणनीति को अंतिम रूप दिया।

दीपक बैज ने बताया कि यह प्रदर्शन “मनरेगा बचाओ” अभियान के तहत किया जा रहा है। इसके अलावा बिजली दरों में वृद्धि, किसानों के साथ कथित वादाखिलाफी, धान खरीदी से जुड़े विवाद, गैस सिलेंडर की महंगाई, प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और नशे के बढ़ते कारोबार जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस सरकार को घेरने की तैयारी में है।

इस विरोध प्रदर्शन में सचिन पायलट, भूपेश बघेल समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। पार्टी का दावा है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से 30 हजार से अधिक कार्यकर्ता रायपुर पहुंचेंगे।

वरिष्ठ नेताओं की रहेगी मौजूदगी
प्रदर्शन में एआईसीसी प्रभारी महासचिव सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव और पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू सहित कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।

भारत माता चौक से विधानसभा तक मार्च
कांग्रेस कार्यकर्ता राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित केनाल रोड पर भारत माता चौक में एकत्र होंगे। यहां सभा आयोजित करने के बाद दोपहर 12 बजे विधानसभा की ओर कूच किया जाएगा।

ट्रैफिक पर पड़ेगा असर, एडवाइजरी जारी
विधानसभा घेराव को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। केनाल रोड पर शांति नगर तिराहा से भारत माता चौक और भारत माता चौक से आनंद नगर चौक तक यातायात प्रभावित रहेगा।

वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था
पंडरी की ओर से आने वाले वाहन शांति नगर से मधु पिल्ले चौक होते हुए आईजी कार्यालय गली के रास्ते शंकर नगर जा सकेंगे। वहीं आनंद नगर चौक से पंडरी जाने वाले वाहन भगत सिंह चौक, अंबेडकर चौक और ऑक्सीजोन मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *