राज्यभर में नई व्यवस्था लागू, अधिकारियों को दी गई ट्रेनिंग, पारदर्शिता और सटीकता पर जोर

रायपुर। राज्य सरकार ने वित्तीय व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। आगामी 1 अप्रैल से पूरे प्रदेश में मैनुअल चालान जमा करने की प्रक्रिया पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। इसके बाद सभी जिला कोषालयों में केवल ऑनलाइन माध्यम से ही चालान स्वीकार किए जाएंगे।

इस नई प्रणाली को सुचारू रूप से लागू करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों, स्टांप विक्रेताओं और बैंक प्रतिनिधियों को ऑनलाइन चालान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला कोषालय अधिकारी गजानन पटेल ने बताया कि डिजिटल चालान व्यवस्था से मानवीय त्रुटियों की संभावना लगभग समाप्त हो जाएगी। अब सही मद का चयन आसान होगा, जिससे राजस्व प्रबंधन अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनेगा।

कार्यशाला में यह भी स्पष्ट किया गया कि नई प्रणाली के तहत ई-कोष पोर्टल के ई-चालान मॉड्यूल का उपयोग किया जाएगा। इस प्रक्रिया में चालान से जुड़ा पूरा डेटा सीधे बैंकिंग सिस्टम में ऑनलाइन ट्रांसफर होगा, जिससे समय की बचत के साथ-साथ प्रक्रिया तेज और सुरक्षित बनेगी।

सरकार का मानना है कि इस बदलाव से वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और कोषालयों की कार्यप्रणाली अधिक आधुनिक और प्रभावी बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *