कुल्हाड़ीघाट, सिहार और कठवा के आरोपियों पर शिकंजा, दीवार में छुपाकर रखा था दांत

गरियाबंद। जिले के उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व में एंटीपोचिंग टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल्हाड़ीघाट निवासी पदमन को गिरफ्तार किया है। वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उसके पास जंगली हाथी का दांत मौजूद है। जब टीम ने घर और बाड़ी की तलाशी ली तो दीवार के अंदर छुपाकर रखा गया बेशकीमती हाथी दांत बरामद हुआ, जिसे आरोपी ने करीब 4 साल से छुपाकर रखा था।

सिहार का पुसऊराम फिर गिरफ्त में, पहले भी कर चुका है शिकार
इस मामले में सिहार निवासी पुसऊराम और कठवा निवासी सुखचंद को भी गिरफ्तार किया गया है। पुसऊराम का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है और वह इसी साल सांबर शिकार मामले में आरोपी रह चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद भी वह फिर से वन्यजीव अपराध में शामिल पाया गया, जिससे वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है।

गंगाराम से जुड़ा मामला, डीएनए जांच से खुलेगा राज
पूछताछ में सुखचंद ने बताया कि उसने यह हाथी दांत साल 2021 में सिहार निवासी गंगाराम से लिया था, जिसकी 2022 में हाथी-मानव द्वंद्व में मौत हो गई थी। आरोपियों का दावा है कि दांत खेत में मिला था, लेकिन वन विभाग इसे संदिग्ध मान रहा है। मामले की सच्चाई जानने के लिए दांत का सैंपल डीएनए जांच के लिए भेजा गया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *