बिना दस्तावेज बेचने की फिराक में थे आरोपी, 10 लाख की पिकअप सहित सिलेंडर जब्त


खरोरा (रायपुर ग्रामीण)। गैस किल्लत की समस्या के बीच थाना खरोरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 नग छत्तीसगढ़ गैस के कॉमर्शियल सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई ग्राम चिचोली के पास शान-ए-पंजाब ढाबा के सामने तिल्दा-खरोरा मेन रोड पर की गई, जहां आरोपी सिलेंडर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस पहुंची मौके पर
25 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद पिकअप वाहन (CG 04 QK 6282) में बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर भरकर अवैध बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की।

वाहन से मिले 45 सिलेंडर, नहीं दिखा सके दस्तावेज
जांच के दौरान वाहन में कुल 45 सिलेंडर पाए गए, जिनमें 37 भरे हुए और 7 खाली छत्तीसगढ़ गैस सिलेंडर तथा 1 इंडियन कंपनी का खाली सिलेंडर शामिल था। पुलिस ने ड्राइवर और कंडक्टर से दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके।

दो आरोपी हिरासत में, वाहन भी जब्त
पुलिस ने मौके से ड्राइवर गिनेश्वर प्रसाद साहू (32) निवासी कुरूद और कंडक्टर लादू राम (29) निवासी जोधपुर (राजस्थान) को हिरासत में लिया। साथ ही करीब 10 लाख रुपए की पिकअप और 74 हजार रुपए कीमत के सिलेंडर जब्त किए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला (ग्रामीण) के मार्गदर्शन और एसडीओपी वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में की गई।

खाद्य विभाग को सौंपा गया मामला
मामला खाद्य विभाग से संबंधित होने के चलते आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए खाद्य निरीक्षक शुभा गुप्ता को सभी जब्त सिलेंडर और दस्तावेज सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *