सोशल मीडिया विवाद और यौन उत्पीड़न आरोपों के बीच गृह विभाग की कार्रवाई, विभागीय जांच भी जारी रायपुर: छत्तीसगढ़ में एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रतन लाल डांगी को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के बाद की गई है, जिसमें उनके आचरण को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। सरकारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, रतन लाल डांगी के कुछ आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिससे पुलिस विभाग की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा। प्रथम दृष्टया जांच में यह पाया गया कि उन्होंने अपने पद की गरिमा के अनुरूप आचरण नहीं किया और अपने अधिकारों का दुरुपयोग भी किया। मामले को और गंभीर तब माना गया जब कुछ दिन पहले एक सब-इंस्पेक्टर (SI) की पत्नी ने भी उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इन आरोपों के बाद विभागीय जांच शुरू की गई थी, जो अभी लंबित है। गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि रतन लाल डांगी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित है और जांच पूरी होने तक उन्हें निलंबित रखा जाएगा। निलंबन अवधि के दौरान वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता पाने के पात्र होंगे। इसके साथ ही उन्हें बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। इस पूरे घटनाक्रम ने राज्य में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। JOHARPOST.IN Post navigation खरोरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गैस किल्लत के बीच 45 कॉमर्शियल सिलेंडर जब्त छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, रजत बंसल को कई अहम जिम्मेदारियां