बॉबी ठाकुर, रायपुर। राजधानी में अवैध हथियारों के इस्तेमाल को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कबीर नगर थाना क्षेत्र के वाल्मीकि अटल आवास इलाके से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें युवक अवैध चाकू से केक काटते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि कड़ी कार्रवाई के बावजूद ऐसे वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिससे पुलिस की सख्ती पर भी सवाल उठने लगे हैं।

वहीं दूसरी ओर शहर में निकले एक धार्मिक जुलूस के दौरान भी नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं। हाईकोर्ट के सख्त निर्देशों के बावजूद जुलूस में युवकों द्वारा हथियारों का प्रदर्शन किया गया। पुलिस की मौजूदगी में ही युवक-युवतियां फिल्मी गानों पर हथियार लहराते और फूहड़ता फैलाते नजर आए। बताया जा रहा है कि इनमें से ज्यादातर युवक मौदहापारा और लाखेनगर इलाके के हैं।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने अवैध हथियारों की सप्लाई पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर उनका प्रचार यह दिखाता है कि अपराधियों में कानून का डर कम होता जा रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस इस पूरे मामले में क्या सख्त कार्रवाई करती है।

JOHARPOST.IN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *