मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में अहम सफलता मिली है। जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और आईटीबीपी के जवानों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सीमावर्ती जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखे गए माओवादी डंप का पता लगाया है। इस दौरान जवानों ने एके-47 और इंसास राइफल सहित बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने यह ऑपरेशन अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार, नक्सलियों द्वारा हथियार छिपाए जाने की सूचना पर सुबह सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। अभियान के दौरान बस्तर सीमा से लगे जंगल में, कांकेर जिले के उयकाटोला और कोवाचीटोला गांव तथा मानपुर ब्लॉक के कलवर गांव के बीच स्थित इलाके में यह डंप मिला।

जांच में सामने आया कि नक्सलियों ने हथियारों और गोला-बारूद को जमीन में गड्ढा खोदकर छिपा रखा था। सुरक्षा बलों ने पूरे सामान को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया है।

गौरतलब है कि हाल ही में इसी उयकाटोला क्षेत्र से जुड़े जंगल में सक्रिय आरकेबी डिवीजन के पांच माओवादियों ने आत्मसमर्पण भी किया था, जिससे इस इलाके में नक्सली गतिविधियों पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *