बिलासपुर में खूनी सनसनी: शक के चलते घर में घुसा हमलावर, बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या

बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति ने पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में 65 वर्षीय मुराद बेगम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के छह अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घर में घुसकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, ग्राम पेंडरवा निवासी 46 वर्षीय सुरेश श्रीवास को अपनी तलाकशुदा पत्नी और गांव के ही शेख सलीम के बीच संबंध होने का शक था। इसी रंजिश को लेकर वह लंबे समय से गुस्से में था। बुधवार को वह अपने दो नाबालिग बेटों के साथ तलवार लेकर सलीम के घर पहुंचा।

सलीम नहीं मिला तो परिवार पर टूटा कहर

बताया जा रहा है कि जब आरोपी को शेख सलीम घर पर नहीं मिला, तो उसने घर में मौजूद अन्य लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान मुराद बेगम पर तलवार से बेहद क्रूर वार किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि हमले में उनकी आंख तक बाहर आ गई।

7 लोग घायल, अस्पताल में इलाज जारी

हमले में सोना परवीन, साक्षित परवीन, रेहान परवीन, शहनाज बेगम, अलीशा और अयान शेख घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पीड़ित परिवार ने सुनाई आपबीती

पीड़ित पक्ष के शेख शब्बीर ने बताया कि आरोपी सुरेश श्रीवास का उनके परिवार से पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। इसी दुश्मनी के चलते उसने अपने बेटों के साथ मिलकर हमला किया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह, एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह, एसडीओपी नूपुर उपाध्याय और टीआई अंशिका जैन मौके पर पहुंचे। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग बेटे अभिरक्षा में

पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दोनों नाबालिग बेटों को अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *