रायपुर /Raipur murder case। अभनपुर थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले सड़क किनारे मुरूम खदान में दबा मिला शव अब एक सनसनीखेज हत्या का मामला निकला है। पुलिस ने जांच पूरी करते हुए मृतक की पहचान नितेश बत्रा के रूप में की है और इस हत्या में शामिल एक महिला समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी अब भी फरार है।


पुलिस को भरेंगाभाठा से नवागांव जाने वाले मार्ग के पास एक गड्ढे में शव दबे होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में सामने आया कि युवक के गले पर गंभीर चोट पहुंचाई गई थी और उसे पूरी तरह मृत होने से पहले ही मिट्टी में दबा दिया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अभनपुर थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने मिलकर जांच शुरू की। जांच के दौरान श्याम सुंदर सोनी नाम के व्यक्ति पर शक गया, जो घटना के बाद से लापता था। उसकी तलाश कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ। सामने आया कि श्याम सुंदर सोनी और सावित्री साहू के बीच संबंध थे। 16 मार्च की रात श्याम सुंदर सावित्री के घर पहुंचा था, उसी समय नितेश बत्रा वहां मौजूद था और घर की तरफ देख रहा था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और मामला झगड़े में बदल गया।

इसके बाद श्याम सुंदर ने अपने साथियों को बुलाया। सभी ने मिलकर नितेश को जबरन ऑटो में बैठाया और उसे सुनसान इलाके में ले गए। वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और गमछे से गला कस दिया गया, जिससे वह अचेत हो गया।

इसके बाद आरोपी उसे परसुलीडीह और भरेंगाभाठा के बीच स्थित मुरूम खदान में ले गए और जिंदा ही मिट्टी में दबा दिया। वारदात के बाद सभी मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्याम सुंदर सोनी, सुमित कोसले, सावित्री साहू और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल ऑटो और अन्य सामान भी जब्त किया गया है। मामले में संबंधित धाराएं जोड़कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस केस में शामिल एक अन्य आरोपी माईकल सैनी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश जारी है।

यह भी पढ़े :



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *