बच्चे को लेकर हुआ विवाद… और खत्म हो गई एक जिंदगी! रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र के संतोषी नगर में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। घटना के बाद अस्पताल में मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और हंगामा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। मिली जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच गुरुवार को विवाद की शुरुआत बच्चे की बदमाशी और नादानी को लेकर हुई थी। देखते ही देखते यह मामूली विवाद बढ़ गया और झगड़ा गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के बाद महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजन महिला को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में मायके और ससुराल पक्ष के लोग बड़ी संख्या में पहुंच गए। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखा विवाद शुरू हो गया और बात मारपीट तक पहुंच गई। अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। सूचना मिलने पर टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। स्थिति को देखते हुए अस्पताल में पुलिस बल भी तैनात किया गया। मामले में मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि महिला के साथ पहले से मारपीट की जाती थी और इस बार भी पति ने मारपीट कर उसे फांसी पर लटका दिया है। वहीं ससुराल पक्ष का दावा है कि महिला ने खुद ही आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। JOHARPOST.IN Post navigation रायपुर में हत्या का खुलासा: प्रेम संबंध के शक में युवक को जिंदा दफनाया, 5 गिरफ्तार 2 खाल, 9 आरोपी और बड़ा रैकेट! वन विभाग ने ऐसे दबोचा पूरा गिरोह …