बलरामपुर। जिले में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से तेंदुए की 2 खाल बरामद की गई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, वन मंत्री के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में वन अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 2 अप्रैल 2026 को वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (मध्य क्षेत्र भोपाल), राज्य उड़नदस्ता रायपुर और वनमंडल बलरामपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बसंतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमई मोड़ के पास कुछ संदिग्ध लोग वन्यजीवों की खाल की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर एक मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोका और पूछताछ की।

तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से तेंदुए की एक खाल बरामद हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के बाकी सदस्यों को भी पकड़ लिया। इनके पास से एक और तेंदुए की खाल जब्त की गई।

वन विभाग ने सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और वन्यजीवों की अवैध तस्करी में शामिल था।

वन विभाग ने कहा है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *