जशपुर। जिले से एक बड़ी लापरवाही और साजिश की आशंका से जुड़ी खबर सामने आई है। तपकरा क्षेत्र स्थित इब नदी के समडमा डैम का गेट अचानक खोले जाने से करोड़ों लीटर पानी बह गया। इस घटना के बाद आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांव प्रभावित हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, इस डैम का निर्माण सिंचाई के उद्देश्य से करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से किया गया था, लेकिन अचानक पानी छोड़े जाने से किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि रेत माफियाओं की साजिश हो सकती है। इब नदी से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टरों के जरिए अवैध रेत परिवहन किया जाता है और पानी बह जाने से रेत निकालना आसान हो जाता है। गौर करने वाली बात यह है कि बीते वर्ष भी इसी तरह डैम का पानी बहाया गया था, जिससे प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन की ओर से फिलहाल इस घटना पर कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है, लेकिन अगर माफियाओं की संलिप्तता साबित होती है, तो यह एक बड़ा घोटाला बन सकता है। Post navigation मंत्री के नाम पर धमकी! रायपुर में किसान की जमीन पर कब्जे का सनसनीखेज मामला 25 लाख जुर्माना और उम्रकैद! जानिए नया कानून कितना खतरनाक