रायपुर में खौफनाक वारदात: शादी से लौट रहे परिवार से लूट, जंगल में छिपकर गुजारी रात

रायपुर। राजधानी में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मुजगहन थाना क्षेत्र के सेजबहार इलाके में शादी से लौट रहे एक परिवार को बदमाशों ने निशाना बनाते हुए लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक, गुलशन वाटिका फेस-01 का एक परिवार सेजबहार हाउसिंग सोसाइटी में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान दत्तरेंगा के पास उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। परिवार सड़क किनारे रुका ही था कि अचानक चार बाइक सवार बदमाश वहां पहुंच गए।

बदमाशों ने आते ही परिवार पर चाकू और डंडों से हमला कर दिया। हमले में परिवार के सदस्य घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने महिलाओं के गले से सोने की चेन, चार मोबाइल फोन और करीब 20 हजार रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद डरा-सहमा परिवार देर रात तक पास के जंगल में छिपकर अपनी जान बचाने को मजबूर रहा। पूरी रात दहशत में बिताने के बाद सुबह किसी तरह मुजगहन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।

पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने आरोपियों की बाइक के नंबर पहचान लिए हैं। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


JOHARPOST.IN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *