रायपुर। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश में “जंगलराज” जैसी स्थिति बन गई है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

कानून-व्यवस्था पर घेरा

दीपक बैज ने हाल ही में सेजबहार क्षेत्र में एक परिवार के साथ हुई लूट की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि अपराध अब सरकार के नियंत्रण से बाहर हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं सरकार की विफलता को दिखाती हैं।

शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल

सरकारी स्कूलों में श्लोक से पढ़ाई शुरू करने के फैसले पर भी कांग्रेस ने आपत्ति जताई। बैज ने कहा कि अभी तक कई स्कूलों में बच्चों को किताबें नहीं मिली हैं, RTE के तहत एडमिशन में दिक्कतें हैं, कई जगह शिक्षकों की कमी है और बच्चियों के लिए शौचालय तक नहीं हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार स्कूलों को “शिशु मंदिर” बनाना चाहती है, जबकि उसे बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए।

तीन राज्यों में कांग्रेस सरकार का दावा

असम, केरल और पुडुचेरी में चल रहे मतदान को लेकर बैज ने दावा किया कि तीनों राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वा सरमा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है और जवाब देने के बजाय डर का माहौल बनाया जा रहा है।

महतारी वंदन योजना पर आरोप

महतारी वंदन योजना में KYC अनिवार्य किए जाने पर बैज ने कहा कि सरकार के पास पैसे की कमी है और KYC के बहाने महिलाओं के नाम सूची से हटाने की साजिश की जा रही है।

नक्सलमुक्त पंचायतों को लेकर सवाल

नक्सलमुक्त पंचायतों को 1 करोड़ रुपए देने के वादे पर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। बैज ने कहा कि यदि सरकार सभी जिलों को नक्सलमुक्त बता रही है, तो वादे के मुताबिक राशि क्यों नहीं दी जा रही। उन्होंने पूछा कि कितनी पंचायतों को यह राशि दी गई है, सरकार को स्पष्ट करना चाहिए।

अंबिकापुर विवाद पर बयान

अंबिकापुर में मूर्ति अनावरण को लेकर हुए विवाद पर बैज ने कहा कि सभी महापुरुषों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन शहीद चंद्रशेखर आजाद का नाम पहले आना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं ने इसका विरोध किया तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *