रायपुर। राजधानी में पुलिस ने सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन और पट्टी के माध्यम से सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 9 लाख से ज्यादा नगदी के साथ आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना गुढ़ियारी पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे की, जहां लंबे समय से सट्टा संचालन की सूचना मिल रही थी।


ऐसे हुआ खुलासा

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के जरिए सट्टा चला रहे हैं। टीम ने घेराबंदी कर मौके से दो आरोपियों राजा साहू और अभय साहू को पकड़ा।

मोबाइल जांच में सामने आया कि आरोपी Cribet99 नामक वेबसाइट की मास्टर आईडी से ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे और कॉलिंग के जरिए क्रिकेट मैचों पर दांव लगवा रहे थे।


मास्टरमाइंड तक पहुंची पुलिस

पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे मंजीत सिंह और रोहित मोटवानी के लिए काम कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार मंजीत सिंह गुढ़ियारी थाना का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित करीब 24 मामले दर्ज हैं।


ऑनलाइन के साथ पट्टी का भी खेल

जांच में सामने आया कि आरोपी सिर्फ ऑनलाइन ही नहीं बल्कि सट्टा पट्टी के जरिए भी दांव लगवा रहे थे। इससे वे हार-जीत पर कमीशन लेकर मोटी कमाई कर रहे थे।


बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:

  • 9,05,238 रुपए नगद
  • 8 मोबाइल फोन
  • सट्टा पट्टी
  • कैलकुलेटर और पेन

कुल करीब 13 लाख रुपए का सामान जब्त किया है।


केस दर्ज

सभी आरोपियों के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *