रायपुर। छत्तीसगढ़ में होने वाली अगली जनगणना को लेकर सरकार ने पूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी और इसे दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ और राज्य जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी विस्तृत जानकारी दी।


1 मई से शुरू होगा पहला चरण

जनगणना का पहला चरण 1 मई से 30 मई 2026 तक चलेगा। इस दौरान मकानों की सूची तैयार की जाएगी और उनकी स्थिति का आकलन किया जाएगा। सर्वे टीम घर-घर जाकर जानकारी जुटाएगी।

दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा, जिसमें राज्य की पूरी आबादी की गणना की जाएगी।


इस बार खुद भी भर सकेंगे जानकारी

सरकार ने इस बार ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ की सुविधा भी दी है। लोग 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे।
जानकारी सबमिट करने के बाद हर व्यक्ति को एक यूनिक SE ID मिलेगी, जिसे बाद में प्रगणक वेरिफाई करेंगे।


33 सवालों के जरिए होगा सर्वे

पहले चरण में सर्वे टीम हर घर तक पहुंचकर करीब 33 सवाल पूछेगी। इसमें शामिल होंगे:

  • मकान की बनावट और स्थिति
  • परिवार के सदस्यों की संख्या
  • मुखिया का नाम और सामाजिक वर्ग
  • मकान का स्वामित्व और कमरों की संख्या

सुविधाओं पर खास फोकस

सर्वे के दौरान घरों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की भी जानकारी ली जाएगी, जैसे:

  • पानी, बिजली और शौचालय
  • रसोई और गैस कनेक्शन
  • टीवी, मोबाइल, इंटरनेट और कंप्यूटर
  • वाहन जैसी अन्य सुविधाएं

गलत जानकारी देने पर जुर्माना

अधिकारियों ने साफ किया है कि जनगणना अधिनियम 1948 के तहत सही जानकारी देना अनिवार्य है। गलत जानकारी देने या सर्वे में सहयोग न करने पर 1000 रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।


62,500 कर्मचारियों की तैनाती

राज्यभर में इस बड़े अभियान के लिए करीब 62,500 अधिकारी-कर्मचारियों को लगाया जाएगा।
यह सर्वे 33 जिलों, 195 शहरी निकायों, 252 तहसीलों और लगभग 20 हजार गांवों में किया जाएगा।


प्रवासियों के लिए नियम

अगर कोई व्यक्ति दूसरे राज्य में काम कर रहा है, तो उसकी गिनती उसके मूल निवास के आधार पर ही होगी। अलग से रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी।


दूसरे चरण में जातिगत गणना

राज्य जनगणना निदेशक ने बताया कि आजादी के बाद यह आठवीं जनगणना होगी। खास बात यह है कि दूसरे चरण में जातिगत गणना भी शामिल की जाएगी।


टोल फ्री नंबर भी जारी

जनगणना से जुड़े किसी भी सवाल या समस्या के समाधान के लिए 16 अप्रैल से टोल फ्री नंबर 1855 जारी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *