कमरे में ले गया, जिंदा नहीं लौटी प्रेमिका – चौंकाने वाला खुलासा दुर्ग। जिले में प्रेम-प्रसंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड की गला घोंटकर हत्या कर दी। युवक को शक था कि उसकी प्रेमिका का किसी अन्य युवक से अफेयर चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया। घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है। मृत युवती की पहचान युनेश्वरी वर्मा (26) के रूप में हुई है, जो खैरागढ़ जिले के चिचोला गांव की रहने वाली थी और दुर्ग में रहकर बीएड की पढ़ाई कर रही थी। वहीं आरोपी कार्तिक राम साहू (27) बालोद जिले का निवासी है। पढ़ाई के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी और दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। पढ़ाई के दौरान हुई थी मुलाकात, शक बना हत्या की वजह जानकारी के अनुसार, युनेश्वरी पुलगांव इलाके में किराए के मकान में रहती थी, जबकि कार्तिक सुभाष नगर में रहता था। दोनों दुर्ग-बालोद रोड स्थित बीएम कॉलेज में बीएड की पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन कार्तिक को युनेश्वरी के चरित्र पर शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। कमरे में ले जाकर की हत्या, फिर खुद पुलिस को दी सूचना शुक्रवार (17 अप्रैल) दोपहर करीब 1 बजे कार्तिक, युनेश्वरी को अपने कमरे पर ले गया। यहां फिर से दोनों के बीच उसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर कार्तिक ने युनेश्वरी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने खुद डायल-112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो उसने कहा कि युवती बेहोश हो गई है। हालांकि अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। मौके से जुटाए गए साक्ष्य, आरोपी ने कबूला जुर्म घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। कमरे की स्थिति और अन्य तथ्यों के आधार पर हत्या की पुष्टि हुई है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों को नहीं थी रिश्ते की जानकारी, भाई ने मांगी फांसी मृतका के भाई पावेन वर्मा के मुताबिक, युनेश्वरी कुछ दिन पहले ही गांव आई थी और एक दिन पहले दुर्ग लौटी थी। परिवार को आरोपी के साथ उसके संबंधों की कोई जानकारी नहीं थी। घटना की सूचना पुलिस से मिलने के बाद परिजन दुर्ग पहुंचे। भाई ने आरोपी के लिए फांसी की सजा की मांग की है। Post navigation राजनांदगांव हत्याकांड : चाकू-तलवार से हमला, दो की मौत… अब 11 आरोपी सलाखों के पीछे CCTV में कैद मारपीट : “जानकारी चाहिए थी… मार खा ली”