पत्रकार को मारा 10 से ज्यादा मुक्के

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के कृषि विभाग कार्यालय में पत्रकार और वकील के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, किसान सम्मान निधि से जुड़ी जानकारी मांगने पहुंचे पत्रकार पर ही अधिकारी भड़क गया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी मांगना पड़ा भारी
बताया जा रहा है कि 16 अप्रैल को वकील जनक बरेठ अपनी माता की किसान सम्मान निधि की समस्या को लेकर कृषि दफ्तर पहुंचे थे। उनके साथ पत्रकार पोषराम साहू भी मौजूद थे। दोनों ने पहले जिला कृषि अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव से मुलाकात की, जिन्होंने उन्हें संबंधित कर्मचारी प्रवीण पटेल के पास भेजा।

शिकायत की बात पर भड़का अधिकारी
पत्रकार ने जब प्रवीण पटेल से योजना से जुड़ी जानकारी मांगी और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही, तो अधिकारी का गुस्सा भड़क गया। आरोप है कि उसने पत्रकार का कॉलर पकड़कर 10 से ज्यादा बार मुक्कों से हमला किया।

बचाने आए वकील को भी धक्का
मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आए वकील जनक बरेठ को भी आरोपी ने धक्का दे दिया। हैरानी की बात यह रही कि दफ्तर में मौजूद अन्य कर्मचारी और अधिकारी मूकदर्शक बने रहे, किसी ने रोकने की कोशिश नहीं की।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
पूरी घटना कार्यालय में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद मामला और ज्यादा तूल पकड़ता जा रहा है। बताया जा रहा है कि मारपीट में पत्रकार को गले और चेहरे पर चोटें आई हैं।

पुलिस पहुंची, शिकायत दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित पत्रकार और वकील ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामला बना चर्चा का विषय
घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में यह खबर हवा की तरह फैल गई है। सरकारी दफ्तर में इस तरह की गुंडागर्दी को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *