रायपुर। फर्जी ई-चालान के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक युवक से 7.42 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। ठगों ने खुद को आरटीओ अधिकारी बताकर एपीके फाइल भेजी और मोबाइल हैक कर बैंक खाते से रकम पार कर दी।

APK डाउनलोड करते ही मोबाइल हुआ हैक
जानकारी के मुताबिक पीड़ित रोहित पाल, आरडीए कॉलोनी का रहने वाला है। 10 से 16 अप्रैल के बीच उसे एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को आरटीओ से जुड़ा अधिकारी बताया और लंबित चालान का डर दिखाया। इसके बाद जुर्माना भरने के लिए युवक के मोबाइल पर एक APK फाइल भेजी गई। जैसे ही रोहित ने फाइल डाउनलोड की, उसका मोबाइल साइबर ठगों के कंट्रोल में चला गया।

कुछ ही मिनटों में खाते से उड़े लाखों रुपए
मोबाइल एक्सेस मिलते ही आरोपियों ने रोहित के बैंक खाते से 7,42,209 रुपए ट्रांसफर कर लिए। शुरुआत में उसे इस ठगी का अंदाजा नहीं हुआ। अगले दिन जब बैंक से ट्रांजैक्शन के मैसेज आए, तब उसे धोखाधड़ी का एहसास हुआ।

शिकायत के बाद मचा हड़कंप, जांच शुरू
घटना का पता चलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में पवित्र पाल की शिकायत पर आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल्स, बैंक ट्रांजैक्शन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *