गांव छोड़ 45 किमी दूर पहुंचे… फिर बैंक का बहाना….जानें क्या हुआ

बालोद. जिले में रविवार सुबह एक महिला और युवक की लाश एक ही पेड़ पर एक ही फंदे से लटकी मिली। दोनों अर्जुंदा थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और पड़ोसी थे। शव गांव से करीब 45 किमी दूर परसोदा के खेत में मिले।

मृतकों की पहचान संतोषी बाई यादव (40) और थलेश खरांशु (25) के रूप में हुई है। संतोषी शादीशुदा थी और उसके बच्चे हैं, जबकि थलेश अविवाहित था। दोनों मजदूरी करते थे।

परिजनों के मुताबिक, संतोषी शनिवार सुबह 11 बजे बैंक जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। रात में अर्जुंदा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

रविवार सुबह राहगीरों ने परसोदा के पास खेत में पेड़ से दो शव लटके होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। दोनों ने गमछे से फांसी लगाई थी। पास में उनकी चप्पल भी मिली।

जांच में सामने आया है कि दोनों बस से झलमला तक पहुंचे थे और वहां से पैदल घटनास्थल तक गए। पुलिस ने पंचनामा कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही सुसाइड की वजह स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *