छोटे भाई को बचाने गया बड़ा भाई, चापड़ से गला रेतकर हत्या

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शनिवार रात मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। छोटे भाई को बचाने पहुंचे बड़े भाई की चापड़ से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सरकंडा थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अभिषेक यादव के रूप में हुई है, जो मोपका गुड़ी मोहल्ले का रहने वाला और BA सेकंड ईयर का छात्र था।

पहले छोटे भाई से हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक शनिवार रात करीब 10:30 बजे अभिषेक के चचेरे भाई 16 वर्षीय ओमप्रकाश यादव का कुछ युवकों से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर युवकों ने ओमप्रकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी।

बीच-बचाव में पहुंचा बड़ा भाई, फिर हुआ हमला

छोटे भाई को पिटते देख अभिषेक मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा। इसी दौरान हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। आरोप है कि एक युवक ने चापड़ से अभिषेक के गले पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

चौकी तक पीछा करने का आरोप

घटना के बाद ओमप्रकाश किसी तरह जान बचाकर नजदीकी पुलिस चौकी की ओर भागा। आरोप है कि हमलावरों ने उसका पीछा करते हुए चौकी तक पहुंचने की कोशिश की, हालांकि वह चौकी के अंदर घुसकर बच गया।

इलाके में आक्रोश, थाने का घेराव

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में सरकंडा थाने पहुंच गए। करीब 50 से 60 लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

5 आरोपी हिरासत में

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 युवकों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपी सीपत क्षेत्र के सेलर गांव के बताए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी और सीएसपी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई।

पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *