सूरजपुर। जिले के वन परिक्षेत्र सूरजपुर अंतर्गत मोहनपुर इलाके में एक बार फिर हाथियों की दहशत बढ़ गई है। चार दंतैल हाथियों का दल लगातार क्षेत्र में विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। जंगल से लगे खेतों में खड़ी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाथियों का यह झुंड पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग गांवों के आसपास देखा जा रहा है। खासतौर पर रात के समय इनकी गतिविधियां बढ़ जाती हैं, जिससे खेतों की रखवाली कर रहे किसानों के लिए खतरा और बढ़ गया है।

वन विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग द्वारा गांवों में मुनादी कराई जा रही है और ग्रामीणों को रात में घर से बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है। साथ ही, हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए रात्रि गश्त भी बढ़ा दी गई है।

गौरतलब है कि बीते दिनों इन्हीं इलाकों के आसपास हाथियों के हमले में दो लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद से ही ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है। वन विभाग का कहना है कि टीम लगातार हाथियों की लोकेशन ट्रैक कर रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *