कवर्धा में गुड़ फैक्ट्री में भीषण आग: ‘खोई’ में सुलगी चिंगारी बनी बड़ी आग, लाखों का नुकसान

कवर्धा। कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़तरा खुर्द में स्थित एक गुड़ फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। घटना कवर्धा जिला मुख्यालय से करीब 28 किमी दूर की है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह भीषण गर्मी बताई जा रही है। खास बात यह है कि फैक्ट्री में जमा गन्ने के वेस्ट मटेरियल—जिसे स्थानीय भाषा में ‘खोई’ या ‘बकस’ कहा जाता है—में आग भड़कने से यह हादसा हुआ।

खोई बनी आग की बड़ी वजह
जानकारी के मुताबिक, गुड़ फैक्ट्री में गन्ने के रस निकालने के बाद बचने वाला वेस्ट (खोई) बड़ी मात्रा में स्टॉक कर रखा जाता है। यही खोई बाद में फैक्ट्री के लिए ईंधन के रूप में इस्तेमाल होती है। लेकिन भीषण गर्मी के चलते यह सूखा मटेरियल जल्दी सुलग जाता है और अंदर ही अंदर आग पकड़ लेता है। यही कारण रहा कि फैक्ट्री में अचानक आग भड़क उठी।

दमकल ने पाया काबू, फिर भी खतरा बरकरार
घटना की सूचना मिलते ही फैक्ट्री मालिक और स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को कॉल किया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि विशेषज्ञों के अनुसार खोई में लगी आग पूरी तरह बुझने के बाद भी कई दिनों तक अंदर ही अंदर सुलगती रहती है, जिससे दोबारा भड़कने का खतरा बना रहता है।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। गर्मी के मौसम में गुड़ फैक्ट्रियों में खोई के कारण आग लगने के कई मामले सामने आ चुके हैं। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने से इस तरह के हादसे बार-बार हो रहे हैं।

लाखों का नुकसान, जांच की तैयारी
इस आगजनी में फैक्ट्री मालिक को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *