रायपुर। राजधानी में एक बार फिर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस बार ठगों ने सीधे शहर के प्रतिष्ठित रामकृष्ण अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. संदीप दवे के नाम का सहारा लेकर लोगों से पैसे मांगने की कोशिश की। अज्ञात मोबाइल धारक द्वारा कई लोगों को फोन कर खुद को डॉ. दवे से जुड़ा बताकर पैसों की मांग की जा रही थी। मामले का खुलासा तब हुआ जब कुछ लोगों और रिश्तेदारों ने सीधे डॉ. संदीप दवे को फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद डॉक्टर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टिकरापारा थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 319(2) और 62 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह साइबर ठगी का मामला माना जा रहा है, जिसमें किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति के नाम का दुरुपयोग कर लोगों को झांसे में लिया जा रहा है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि इस तरह के किसी भी कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और तुरंत नजदीकी थाने या साइबर सेल को सूचना दें। Post navigation एक केस में राहत, दूसरे में संकट! टुटेजा की मुश्किलें अभी बरकरार हत्यारा अस्पताल पहुंचा, दस्त ने ले ली जान