बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी परीक्षा पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य आरोपी वेणु उर्फ वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर छात्रों से पैसे लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने और डिजिटल सबूत मिटाने का आरोप है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था पेपर पुलिस के मुताबिक, माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं हिंदी परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस उपायुक्त मध्य जोन के निर्देशन में विशेष जांच टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पेपर लीक से जुड़े लोग मोबाइल चैट, सोशल मीडिया रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल सबूत मिटाने की कोशिश कर रहे हैं। साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से डिलीटेड डेटा रिकवर किया गया। पुलिस ने 50 से ज्यादा छात्रों और संदिग्धों से पूछताछ की, जिसके बाद मुख्य आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। टेलीग्राम से बेचा गया पेपर जांच में सामने आया कि आरोपी वेणु जंघेल टेलीग्राम के जरिए छात्रों तक प्रश्नपत्र पहुंचाता था। वह छात्रों से 3 हजार रुपए लेकर पेपर उपलब्ध कराता था। आरोपी बेमेतरा जिले के ग्राम बरसरा का रहने वाला है और रायपुर के गोकुल नगर इलाके में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक मामला सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सबूत भी नष्ट करने की कोशिश की थी। जीनियस एकेडमी ग्रुप में वायरल हुआ पेपर पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शोभित नाम के युवक ने प्रश्नपत्र को “जीनियस एकेडमी” नाम के टेलीग्राम ग्रुप में वायरल किया था। इसके बाद पेपर तेजी से छात्रों के बीच फैल गया। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। लगातार डिजिटल ट्रैकिंग, तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे बिलासपुर से गिरफ्तार किया। रिमांड में मिले कई अहम सुराग चार दिन की रिमांड के दौरान आरोपी ने पेपर लीक नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर कई अहम जानकारियां दी हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। कोतवाली पुलिस ने क्या कहा कोतवाली निरीक्षक सतीश ठाकुर ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पूछताछ में मामले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनकी जांच जारी है। Post navigation RaipurCrime : रायपुर में वकील पर हमला करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद शादी का झांसा, रेप… फिर दूसरी लड़की से शादी; EX-Girlfriend के फोटो-वीडियो वायरल कर करता रहा ब्लैकमेल