सड़क किनारे शराब पीने से रोका तो वकील पर चाकू से हमला, 4 आरोपी गिरफ्तार रायपुर के राजातालाब इलाके में वारदात, पुलिस ने ओडिशा-महाराष्ट्र तक दबिश देकर पकड़े आरोपी रायपुर। राजधानी रायपुर के राजातालाब इलाके में अधिवक्ता रमीजुद्दीन पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वकील ने आरोपियों को सड़क किनारे शराब पीने से मना किया था, जिससे नाराज होकर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया और फिर चाकू व हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। घटना में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नूरानी चौक के पास का है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद फजल खान उर्फ मुजीब (35), मोहम्मद सरताज शरीफ उर्फ ताज (36), फैजान हुसैन (29) और अब्दुल कलाम उर्फ राजा (40) के रूप में की है। 8 मई को दर्ज हुई थी शिकायत पुलिस के मुताबिक, 8 मई 2026 को पीड़ित अधिवक्ता रमीजुद्दीन के भाई जियाउद्दीन ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पड़ोस में रहने वाले फजल खान और उसके साथियों ने मिलकर हमला किया। रिपोर्ट के अनुसार, रमीजुद्दीन ने आरोपियों को सड़क किनारे बैठकर शराब पीने से रोका था। इसी बात को लेकर पहले बहस हुई और फिर विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर अधिवक्ता पर चाकू से हमला कर दिया। साथ ही हाथ-मुक्कों से भी जमकर मारपीट की गई। हमले में रमीजुद्दीन के शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद फरार हो गए थे आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर जांच शुरू की। एसीसीयू, थाना सिविल लाइन और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर ओडिशा, महाराष्ट्र समेत कई जगहों पर दबिश दी। आखिरकार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में कबूला जुर्म, चाकू भी बरामद पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। अभी पढ़े : Raipur crime : रायपुर में अधिवक्ता पर चाकू से ताबड़तोड़ वार, हालत नाज़ुक Post navigation रायपुर में ऑनलाइन सट्टे के मास्टरमाइंड पर पुलिस का शिकंजा, 20 दिन तक खंगालती रही डिजिटल ट्रेल, फिर ऐसे दबोचा गया आरोपी 12वीं हिंदी पेपर लीक का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, छात्रों से 3 हजार लेकर बेचता था प्रश्नपत्र