बॉबी ठाकुर/रायपुर। RaipurNews राजधानी में सरकारी कार्यालय से एसी आउटडोर यूनिट चोरी होने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मौदहापारा थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज चोरी कांड में गार्ड समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में चोरी गई शत-प्रतिशत सामग्री और नगदी रकम भी बरामद कर ली गई है।

जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ भाड़ा नियंत्रण अधिकरण कार्यालय से 9 एसी आउटडोर यूनिट चोरी हुए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। सरकारी दफ्तर से इतनी बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए थे।

क्यों है जरूरी खबर?

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस गार्ड पर सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, वही इस पूरे खेल में शामिल निकला। पुलिस की पूछताछ में गार्ड की भूमिका संदिग्ध मिलने के बाद पूरा मामला खुल गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले से पूरी प्लानिंग की थी। उन्होंने अवकाश के दिन सुनसान सरकारी परिसर को निशाना बनाया। 10 मई की रात सभी आरोपी दफ्तर पहुंचे और 9 एसी आउटडोर यूनिट निकालकर ई-रिक्शा में लोड कर फरार हो गए।

जानिए कैसे खुला पूरा मामला

मामले का खुलासा पुलिस की रात्रि गश्त टीम की सतर्कता से हुआ। घटना वाली रात कार्यालय के बाहर एक संदिग्ध ऑटो वाहन देखा गया था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।

जब गार्ड से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने पूरी साजिश उगल दी। इसके बाद पुलिस ने चोरी में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

1 लाख 80 हजार में बेच दिया सरकारी माल

जांच में पता चला कि चोरी किए गए सभी एसी आउटडोर यूनिट को मंगल बाजार इलाके के एक पुराने एसी कारोबारी को करीब 1 लाख 80 हजार रुपए में बेच दिया गया था।

माल बेचने के बाद आरोपियों ने रकम आपस में बांट ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी रकम भी बरामद कर ली है।

आप नहीं जानते तो अभी पढ़ें

इस पूरे मामले में पुलिस ने चोरी की साजिश रचने, चोरी करने और चोरी का माल खरीदने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *