कोरबा। जिले की बांकीमोंगरा पुलिस ने रेलवे विद्युत खंभों की बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रेलवे लाइन निर्माण में उपयोग होने वाले बिजली खंभों को गैस कटर से काटकर चोरी की थी। चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 42 लाख 41 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, कटघोरा निवासी अनीश कुमार सिंह की कंपनी आरएस इंफ्रा प्रोजेक्ट सुराकछार से सेन्दुरगढ़-पसान तक बन रही रेलवे लाइन में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल काम कर रही थी। कंपनी ने बांकी 04 नंबर बायपास रोड किनारे रेलवे के 444 विद्युत खंभे रखे थे। जांच में 102 खंभे गायब मिले।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बांकीमोंगरा निवासी धरम सिंह राजपूत और कुसमुंडा निवासी राजा खान उर्फ फिरोज ने ट्रक CG 10 R 1744 किराए पर लिया था। दोनों ने ट्रक ड्राइवर अशोक चौहान के साथ मिलकर खंभों को गैस कटर से काटा और चोरी कर बेच दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल ट्रक, गैस सिलेंडर, गैस कटर और 140 कटे हुए रेलवे विद्युत खंभों के टुकड़े बरामद किए हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया।

मुख्य आरोपी धरम सिंह राजपूत बांकीमोंगरा का निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में 3 दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पिछले साल भी वह अवैध कट्टा और फायरिंग मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *