सक्ती के चंद्रपुर थाना क्षेत्र का मामला; आरोपी ने रिश्ते की बात कही, परिजनों ने बताया परेशान करने वाला युवक

सक्ती। जिले में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष आदित्य कश्यप उर्फ टीनी के खिलाफ नाबालिग से छेड़छाड़ और गाली-गलौज के आरोप में पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामला दर्ज हुए 13 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

यह पूरा मामला चंद्रपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 1 मई को मिली शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने नाबालिग लड़की के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया गया है।

पीड़िता के पिता ने आरोपी के दावों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि युवक लंबे समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था। परिवार की ओर से कई बार समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। आखिरकार परेशान होकर उन्हें पुलिस में शिकायत करनी पड़ी।

पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि राजनीतिक पहचान होने की वजह से आरोपी को संरक्षण मिल रहा है। परिवार का कहना है कि यदि यही मामला किसी सामान्य व्यक्ति से जुड़ा होता तो पुलिस अब तक सख्त कार्रवाई कर चुकी होती। उन्होंने प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

उधर आदित्य कश्यप ने अपने खिलाफ दर्ज मामले को झूठा बताया है। उसका कहना है कि युवती के साथ उसका पिछले करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध था और लड़की नाबालिग नहीं है। आरोपी के मुताबिक 23 अप्रैल को युवती के पिता के साथ उसका विवाद हुआ था। उसने आरोप लगाया कि युवती के पिता सार्वजनिक रूप से उसकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे थे, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच बहस और गाली-गलौज हुई थी।

आदित्य कश्यप का दावा है कि पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर युवती के पिता ने उसे फंसाने के उद्देश्य से यह मामला दर्ज कराया है।

चंद्रपुर थाना प्रभारी जितेंद्र कोशले ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *