दुर्ग। जिले में पुलिस ने अफीम तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने झारखंड से अफीम लाकर दुर्ग और आसपास के इलाकों में सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 15 लाख रुपए कीमत की अफीम, मोबाइल फोन और 8 हजार रुपए नकद जब्त किए गए हैं।

जानिए क्या हुआ…

कुम्हारी थाना इलाके में पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध तरीके से अफीम की खरीदी-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों पर नजर रखी। पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे।


कॉल डिटेल से खुला पूरा नेटवर्क

पुलिस ने शुरुआती पूछताछ में आरोपी राजकेश्वर साहू से जानकारी जुटाई। इसके बाद मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि झारखंड के गुमला जिले से अफीम लाकर दुर्ग जिले में खपाई जा रही थी।

इसी दौरान सुरेंद्र साहू उर्फ सुंदर साहू की भूमिका भी सामने आई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 12 मई को गिरफ्तार कर लिया।


लंबे समय से चल रहा था नशे का कारोबार

पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में जुड़े हुए थे। झारखंड से मादक पदार्थ लाकर छत्तीसगढ़ में सप्लाई की जा रही थी। पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।

यही वजह है कि अब पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पढ़िए क्यों है मामला खास — पुलिस इसे अंतरराज्यीय तस्करी से जोड़कर देख रही है।


इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र साहू उर्फ सुंदर साहू (32) निवासी ग्राम लांजी हुडराटोली थाना गुमला जिला गुमला झारखंड और राजकेश्वर साहू (32) निवासी ग्राम लांजी चौकी थाना गुमला जिला गुमला झारखंड के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 18(ख), 27(क) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *