“पंप ड्राई पड़े हैं और सरकार मना रही सुशासन त्योहार”

दुर्ग-भिलाई। पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने राज्य और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में पेट्रोल-डीजल संकट गहराता जा रहा है। कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं, जबकि कई फ्यूल स्टेशन ड्राई पड़े हैं। इसके बावजूद प्रदेश की भाजपा सरकार “सुशासन त्योहार” मनाने में व्यस्त है।

भूपेश बघेल ने कहा कि मौजूदा स्थिति वैसी ही है जैसी कोरोना काल में “नमस्ते ट्रंप” कार्यक्रम के दौरान देखने को मिली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक चुनाव चलते रहे, तब तक इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया। अब अचानक देश के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे लोगों को सलाह देकर खुद विदेश चले जाते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री का विदेश जाना अस्वाभाविक नहीं है, लेकिन देश को यह जरूर बताया जाना चाहिए कि उन यात्राओं से क्या उपलब्धियां हासिल हुईं।

“सरकार चला कौन रहा है?” — भूपेश का सवाल

भूपेश बघेल ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले यह स्पष्ट होना चाहिए कि सरकार वास्तव में चला कौन रहा है। उन्होंने कहा कि यह समझ नहीं आ रहा कि शासन मंत्रिमंडल चला रहा है या अधिकारी।

उन्होंने कहा, “जब यह ही स्पष्ट नहीं है कि परीक्षार्थी कौन है, तो नंबर किसे दिया जाए।”
भूपेश ने तंज कसते हुए कहा कि पहले सरकार को यह बताना चाहिए कि फैसले मंत्रियों के स्तर पर हो रहे हैं या अधिकारियों के स्तर पर।

बीजेपी संगठन को लेकर भी साधा निशाना

भूपेश बघेल ने भाजपा के संगठनात्मक फेरबदल पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने पुराने नेताओं को “दूध की मक्खी की तरह निकालकर फेंक दिया है।” उन्होंने कृषि मंत्री Ramvichar Netam और रायपुर सांसद Brijmohan Agrawal का नाम लेते हुए कहा कि पार्टी में अब उनकी भूमिका नजर नहीं आ रही।

अवैध शराब और अफीम खेती को लेकर लगाए आरोप

पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजनांदगांव जिले में अवैध शराब का निर्माण जारी है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। वहीं दुर्ग जिले में अफीम की खेती होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यह सीधे-सीधे पीएमएलए से जुड़ा मामला है।

उन्होंने ईडी की भूमिका पर भी सवाल उठाए और पूछा कि अब तक इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं हुई। साथ ही छुरिया में सरकारी धान बेचने के मामले में भाजपा नेताओं पर एफआईआर दर्ज नहीं होने का मुद्दा भी उठाया।

“चुनाव खत्म होते ही बढ़ने लगी महंगाई”

भूपेश बघेल ने कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में महंगाई और बढ़ सकती है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि देश इस समय ईंधन संकट और महंगाई की मार झेल रहा है, लेकिन सरकार असली मुद्दों से ध्यान हटाने में लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *